खरीफ उपार्जन पंजीयन समय- सीमा में सुनिश्चित करें- कलेक्टर
सड़कों को मवेशियों से मुक्त कर गौशाला में करें शिफ्ट- कलेक्टर
मुकेश पटेल 9644544570
अनूपपुर / कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा आपसी समन्वय के साथ जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि जिला पुनः ए ग्रेड में आया है। इसे बनाए रखने के लिए नियमित प्रयास किए जाएं। पटवारीवार प्लानिंग कर अधिक से अधिक शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर कार्य पूर्ण करने तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता से बात कर संतुष्टि के साथ निराकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खरीफ उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने जिले के सभी पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र किसान उपार्जन प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने पंजीयन कार्य की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने तथा किसानों को पंजीयन के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा संबंधित विभागों एवं समितियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने 28 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कराने के निर्देश कृषि विभाग को दिए। उद्यानिकी विभाग को नर्मदा किनारे के क्षेत्रों में किसानों की निजी भूमि पर फलदार पौधारोपण कराने के लिए गांवों से संपर्क कर किसानों का चिन्हांकन करने को कहा। इससे किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के अधिकारियों को कंपनियों के प्रोजेक्ट एरिया से लगे गांवों में 21 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं का सूचीकरण कर संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा सके। उन्होंने सड़कों से मवेशियों को हटाकर गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन प्रभावित न हो। वर्षा ऋतु में क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत तथा मुक्तिधाम जाने वाले क्षतिग्रस्त मार्ग को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने अमरकंटक में नर्मदा नदी एवं सड़क के बीच निर्मित स्ट्रक्चर को हटाकर क्षेत्र को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सीआरएस पोर्टल के माध्यम से जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के डिजिटाइजेशन की जानकारी लेते हुए सभी ऑफलाइन प्रमाण पत्रों की डाटा फीडिंग समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा एसडीएम को इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित नल-जल योजनाओं में बिछाई गई पाइपलाइन की केएमएल तैयार कर गति शक्ति पोर्टल पर अपलोड करने के कार्य में तेजी लाने को कहा। श्रम विभाग की स्कूटी प्रदाय योजना की जानकारी लेते हुए पात्र हितग्राहियों को दशहरे के अवसर पर स्कूटी वितरण की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सहकारी समितियों की बिल्डिंग के सामने किसानों की सुविधा के लिए शेड तैयार कराने तथा बैठने, पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा की तैयारियों की जानकारी ली। बताया गया कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने यात्रा में नगरीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए विस्तृत प्लान तैयार करने, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा स्थानीय लोगों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान अंतर्गत आंगनबाड़ी, तहसील, छात्रावास एवं अस्पताल जैसे कवर्ड परिसरों में स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से कम से कम पांच फलदार पौधे रोपित करने तथा उनकी सुरक्षा एवं सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने नर्मदा परिक्रमा पथ के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक स्ट्रक्चर का उच्च गुणवत्ता से निर्माण कराने तथा चिन्हित स्थानों पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएफ के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में कराए जाने वाले कार्यों के लिए संबंधित विभागों से प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी जैतहरी कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा टी.आर. नाग सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
Related Stories
सीएम डॉ. मोहन ने किया 4 फ्लाइट का शुभारंभ, अब MP से सीधे जुड़ गए पटना और कोलकाता
1 min read · एक महीने पहले
रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट के विरुद्ध सघन जांच अभियान
1 min read · एक महीने पहले
डीआरएम के आदेश पर रेलवे कॉलोनी में बाउंड्री वॉल का काम शुरू
1 min read · 2 सप्ताह पहले
सेंदुरी में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान, पंचायत की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
1 min read · एक महीने पहले
नवोदय विद्यालय में छात्रों के बीच मारपीट, 20 से अधिक घायल
1 min read · 1 सप्ताह पहले
ममता बालगृह अनूपपुर का न्यायिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण, विधिक साक्षरता शिविर में बच्चों को दी अधिकारों की जानकारी
1 min read · 2 महीने पहले