अतिथि शिक्षक मांगों को लेकर आर-पार की तैयारी में

बदरा में कोतमा और अनूपपुर ब्लॉक की बैठक सम्पन्न, क्षेत्र के मंत्री व कलेक्टर को ज्ञापन देने का निर्णय

अतिथि शिक्षक मांगों को लेकर आर-पार की तैयारी में

मुकेश पटेल 9644544570

 

अनूपपुर। अतिथि शिक्षक संघ अनूपपुर के नेतृत्व में रविवार को बदरा में कोतमा एवं अनूपपुर ब्लॉक के अतिथि शिक्षकों की महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिथि शिक्षकों की लंबित मांगों, समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अतिथि शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष मनलाल साहू, जिला उपाध्यक्ष विपिन तिवारी, कोतमा ब्लॉक अध्यक्ष रावेंद्र उपाध्याय एवं अनूपपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुखलाल साहू सहित विभिन्न संकुलों के अतिथि शिक्षक जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।

मंत्री को सौंपेंगे ज्ञापन

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इसी माह अपने-अपने क्षेत्र के माननीय मंत्री जी को अतिथि शिक्षकों की मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से अतिथि शिक्षकों की वर्षों से चली आ रही समस्याओं और मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।

चारों ब्लॉक के अतिथि शिक्षक कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

इसके बाद जिले के चारों ब्लॉकों के अतिथि शिक्षक एकजुट होकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपेंगे। संघ का कहना है कि जिला प्रशासन के माध्यम से अतिथि शिक्षकों की मांगों को प्रदेश सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

2 अक्टूबर को भोपाल आंदोलन में जिलेभर से होगी भागीदारी

बैठक में 02 अक्टूबर को भोपाल में प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। संघ ने कहा कि अनूपपुर जिले के चारों ब्लॉकों से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक भोपाल पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन में शामिल होंगे।

ये हैं अतिथि शिक्षकों की प्रमुख मांगें

बैठक में अतिथि शिक्षकों ने सरकार के समक्ष प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखने का निर्णय लिया—

- 12 माह का सेवा काल सुनिश्चित किया जाए।
- 13 CL प्रदान किया जाए।
- जिस पद पर अतिथि शिक्षक वर्षों से कार्य कर रहे हैं, उस पद को रिक्त न माना जाए।
- लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों को गुरुजी की तर्ज पर परीक्षा आयोजित कर स्थायित्व प्रदान किया जाए।
- अतिथि शिक्षकों की वर्षों की सेवा एवं अनुभव को ध्यान में रखते हुए स्थायी रोजगार की ठोस नीति बनाई जाए।

वर्षों से सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों में उम्मीद

बैठक में अतिथि शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अतिथि शिक्षक लगातार विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनकी सेवा, अनुभव और भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को सकारात्मक एवं स्थायी निर्णय लेना चाहिए।

संघ ने जिले के सभी अतिथि शिक्षकों से एकजुट होकर आगामी कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद अतिथि शिक्षकों ने अपनी मांगों को सरकार तक मजबूती से पहुंचाने और आगामी आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Comments (0)

Sign in to join the discussion

Related Stories