प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के केंद्रीय नोडल अधिकारी ने जिले में कृषि एवं ग्रामीण आजीविका गतिविधियों का किया अवलोकन
प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी और महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की ली जानकारी
मुकेश पटेल 9644544570
अनूपपुर 29 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार श्री शशांक मिश्रा ने जिले के भ्रमण के दौरान कृषि, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद कर संचालित गतिविधियों, उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी श्री मिश्रा ने ग्राम जमुड़ी में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र के संचालक एवं किसानों से चर्चा कर प्राकृतिक खेती के लिए संचालित गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा इसके अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके पश्चात उन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के हितग्राही द्वारा स्थापित राइस मिल का अवलोकन किया। उन्होंने इकाई के संचालन, उत्पादन एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रगतिशील कृषक श्री दिनेश धुर्वे से संवाद कर आधुनिक कृषि पद्धतियों, ड्रिप सिंचाई तथा नाशपाती रोपण के संबंध में जानकारी ली।
नोडल अधिकारी श्री मिश्रा ने शिवरीचंदास स्थित अमरकंटक हॉर्टिकल्चर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने महिला कृषकों से संवाद कर कंपनी की गतिविधियों तथा किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादों के बेहतर प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं प्रभावी विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
पुष्पराजगढ़ के कोहका पूर्व में जीवनदायिनी संकुल संगठन राजेन्द्रग्राम द्वारा संचालित कोदो प्रसंस्करण, बेकरी एवं एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर का अवलोकन करते हुए श्री मिश्रा ने स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद किया। समूह की सदस्यों ने तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन की जानकारी दी। श्री मिश्रा ने उत्पादों की सराहना करते हुए समूह की सदस्यों को प्रोत्साहित किया तथा गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कहा।
भ्रमण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, उप संचालक कृषि अनुराग पटेल, अनुविभागीय कृषि अधिकारी विकास कुमार मेश्राम, जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका परियोजना शशांक सिंह, सहायक संचालक उद्यान सुरेंद्र सिंह श्याम एवं प्राकृतिक खेती विशेषज्ञ ताराचंद बेलजी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Related Stories
अनूपपुर पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 10 अधिकारियों के तबादले
1 min read · 2 महीने पहले
सेवा संकल्प अभियान में योग का संदेश, पुष्पराजगढ़ कॉलेज में विद्यार्थियों ने किया प्राणायाम
1 min read · एक दिन पहले
आंगनबाड़ी केंद्र बना सेवा और संवाद का केंद्र, कलेक्टर ने बच्चों से किया आत्मीय संवाद
1 min read · 1 सप्ताह पहले
आठ साल से लंबित रेलवे सामुदायिक भवन का मुद्दा फिर उठा, डीआरएम को सौंपा ज्ञापन
1 min read · एक महीने पहले
अतिथि शिक्षक मांगों को लेकर आर-पार की तैयारी में
1 min read · 3 सप्ताह पहले
बकान नदी पुल पर मौत को दावत! जलमग्न पुल से जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग, कलेक्टर की चेतावनी बेअसर
1 min read · एक महीने पहले