पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग और बैंकर्स समन्वित प्रयास से सुनिश्चित करें - कलेक्टर

कलेक्टर ने डीएलसीसी बैठक में बैंकवार प्रकरणों, ऋण वितरण एवं लक्ष्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग और बैंकर्स समन्वित प्रयास से सुनिश्चित करें - कलेक्टर

मुकेश पटेल 9644544570

 

अनूपपुर 22 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री रत्नाकर झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों में विभागीय योजनाओं के प्रेषित प्रकरणों की स्वीकृति एवं लंबित प्रकरणों, ऋण वितरण तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की बैंकवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले में सीडी रेशियो को बेहतर करने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगारमूलक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन एवं बैंकर्स की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब पात्र व्यक्ति को समय पर ऋण एवं आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध हो। उन्होंने सभी विभागों एवं बैंकर्स को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत पथ विक्रेताओं के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने पात्र पथ विक्रेताओं के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं में विभागवार निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। विभागीय अधिकारियों को बैंकों को भेजे गए प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा बैंकर्स के साथ समन्वय कर लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राही का प्रकरण केवल दस्तावेजों की कमी के कारण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। प्रकरण में कोई कमी पाए जाने पर संबंधित हितग्राही को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हुए कमियों का निराकरण कराया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक में पशुपालन विभाग अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, विद्यासागर आचार्य गौ संवर्धन योजना, एएचडीएफ अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड तथा ऋण एवं अनुदान पर बकरी इकाई योजना की प्रगति की जानकारी ली गई।इसी प्रकार नगरीय एवं शहरी विकास विभाग, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, उद्योग विभाग की मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, उद्यानिकी विभाग की पीएमएफएमई योजना तथा आदिवासी वित्त एवं विकास निगम अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा योजनाओं के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले में थर्मल पावर प्लांट एवं अन्य औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। इससे आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न वस्तुओं एवं सेवाओं की मांग बढ़ेगी। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंकर्स को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप छोटे उद्यम, स्वरोजगार एवं व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने को कहा। उन्होंने छोटे एवं सीमांत किसानों को भी पात्रतानुसार विभिन्न योजनाओं से जोड़ने तथा कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने बैंकर्स से कहा कि जिले की अर्थव्यवस्था को गति देने में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैंकों में प्राप्त प्रकरणों का समय पर परीक्षण किया जाए। किसी प्रकरण में कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग एवं हितग्राही से समन्वय कर आवश्यक सुधार कराया जाए, ताकि पात्र प्रकरणों में ऋण स्वीकृति एवं वितरण में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, इसी उद्देश्य से सभी विभाग एवं बैंकर्स व्यवस्थित एवं समन्वित रूप से कार्य करें।

 

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला लीड प्रबंधक श्री दिनेश निगम सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।

Comments (0)

Sign in to join the discussion

Related Stories